महड़ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शारदीय नवरात्र अनुष्ठान शुरू, 19 अक्टूबर को होगी पूर्णाहुति।
रुद्रप्रयाग। दशज्यूला क्षेत्र के शिव शक्ति मंदिर महड़ में रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शारदीय नवरात्र अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। नवरात्र के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और परिवारों की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
आचार्य दीर्घायु काण्डपाल, रविन्द्र काण्डपाल, नवीन काण्डपाल, सतीश पुरोहित और नरेंद्र मलवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। आयोजन में मैती गांव आगर के ग्रामीणों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और दशज्यूला क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष बच्चन सिंह नेगी ने श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए सहयोग के लिए आभार जताया। महासचिव सुभाष सिंह चौहान ने बताया कि अनुष्ठान के दौरान पूजा-पाठ, यज्ञ और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित तिथियों पर दशज्यूला क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं की पंच पूजा भी संपन्न होगी।
समिति के संरक्षक विजयपाल सिंह कठैत ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन आस्था और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ सामाजिक एकता एवं सद्भाव को मजबूत करते हैं।
आयोजन के तहत 17 अक्टूबर को मध्यरात्रि में कालरात्रि पूजन, 18 अक्टूबर को जल कलश यात्रा, महादेवजी का प्राकट्य एवं यज्ञारंभ होगा। वहीं, 19 अक्टूबर को कुमारी पूजन, यज्ञ, पूर्णाहुति, महाआरती, प्रसाद वितरण और सामूहिक भंडारे के साथ अनुष्ठान का समापन होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

