जखोली में 7 नवंबर से स्व. डीएस रावत कैरम प्रतियोगिता, डबल वर्ग के विजेता को मिलेंगे 51,111 रुपये।
जखोली। विकासखंड जखोली मुख्यालय में स्वर्गीय दर्शन सिंह रावत (प्रधानाचार्य) एवं स्वर्गीय सरला रावत (अध्यापिका) की पुण्य स्मृति में 7 नवंबर से ओपन कैरम प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में एकल एवं डबल वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजक इंजीनियर वरुण रावत ने बताया कि दोनों वर्गों में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
डबल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51,111 रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय स्थान पर 21,111 रुपये, तृतीय स्थान पर 11,111 रुपये, चतुर्थ स्थान पर 5,111 रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। पांचवें स्थान पर रहने वाली टीम को ट्रॉफी दी जाएगी। वहीं, एकल वर्ग में प्रथम पुरस्कार 21,111 रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 11,111 रुपये, तृतीय पुरस्कार 5,111 रुपये तथा चतुर्थ पुरस्कार 2,111 रुपये एवं ट्रॉफी निर्धारित की गई है। पांचवां स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली मुख्य अतिथि होंगी। जिला पंचायत सदस्य नीता बुटोला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं, समापन समारोह में पूर्व प्रमुख प्रदीप थपलियाल मुख्य अतिथि, ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल एवं कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए इंजीनियर वरुण रावत की ओर से संचालन समिति गठित की गई है। समिति में व्यापार सभा अध्यक्ष हर्षवर्धन नैथानी सहित प्रकाश सिंह राणा, अरविंद पंवार, धनपाल नेगी, रवींद्र भट्ट, धीरज नेगी, चेतन भंडारी, उस्ताद राणा, दीनदयाल भंडारी, राजेंद्र सिंह राणा, एडीओ शशि शुक्ला, यशवीर सिंह कैंतुरा एवं कड़कनाथ सहित अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजक समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागियों से निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।

