पीएचसी उच्चीकरण की मांग को समर्थन, ऊखीमठ में नौवें दिन भी क्रमिक अनशन जारी।
ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ऊखीमठ के उच्चीकरण की मांग को लेकर तहसील परिसर में चल रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए केदारसभा, अखिल भारतीय किसान सभा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग धरना स्थल पर पहुंचे।
क्रमिक अनशन के नौवें दिन नगर पंचायत सभासद बलवीर धर्म्वाण, पूर्व प्रधान जगदीश लाल, कर्मवीर बर्त्वाल, मदन धर्म्वाण और महावीर सिंह रावत अनशन पर बैठे। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सरकार से ऊखीमठ पीएचसी के उच्चीकरण की मांग को जल्द पूरा करने की अपील की।
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी और अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजाराम सेमवाल ने आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि ऊखीमठ मुख्यालय केदारनाथ, मध्यमहेश्वर और तुंगनाथ धाम की यात्रा का प्रमुख केंद्र है। यात्रा सीजन के साथ-साथ शीतकाल में भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और पूर्व में की गई घोषणा को देखते हुए सरकार को ऊखीमठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण जल्द करना चाहिए। आंदोलनकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण से ऊखीमठ क्षेत्र के साथ आसपास के गांवों और यात्रा मार्ग से जुड़े लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रताप धर्म्वाण ने किया। समर्थन देने वालों में पूर्व कनिष्ठ प्रमुख शैलेन्द्र कोटवाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव भट्ट, किसान सभा जिलाध्यक्ष अषाढ़ सिंह, दीपक रावत और बृजबल्लभ बगवाड़ी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।


