तुंगनाथ मोटर मार्ग को लेकर धरना 41वें दिन भी जारी।
तुंगनाथ मोटर मार्ग की मांग को लेकर मोहनखाल-किनझाणी-तुंगनाथ संघर्ष समिति का धरना-प्रदर्शन गुरुवार को 41वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत समिति से जुड़े लोगों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरना देते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी ने कहा कि तुंगनाथ मोटर मार्ग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन को क्षेत्र की जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग है। समिति मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने के निर्णय पर कायम है।
उन्होंने कहा कि जब तक तुंगनाथ मोटर मार्ग से संबंधित मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। समिति ने शासन-प्रशासन से मामले में शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की है।
धरने में समिति के सचिव वासुदेव नेगी, उपाध्यक्ष दीपक थपलियाल, सहसचिव धर्मेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष राजीव नेगी, प्रदीप, राजेश सिंह, राहुल सिंह, हरीश नेगी, शिव सिंह बिष्ट, ओम प्रकाश, राजेश सिंह नेगी और उमेद सिंह रावत समेत अन्य लोग शामिल रहे।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन को लगातार मिल रहा जनसमर्थन मांग की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से आंदोलन में सहयोग बनाए रखने की अपील की।


