रुद्रप्रयाग में 26-27 सितंबर को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी।
रुद्रप्रयाग। जिले में 26 और 27 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार इन दोनों दिनों में रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा से निपटने के लिए तैयारियों का उच्चतम स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा।
उन्होंने आमजन से भी मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश के दौरान नदी-गदेरों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील सड़कों के आसपास जाने से बचें तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा न करें।
किसी भी प्राकृतिक आपदा अथवा अप्रिय घटना की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को तत्काल दें। इसके लिए 8958757335, 8218326386 और 01364-233727 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।


