रुद्रप्रयाग में वन महोत्सव सप्ताह के तहत वृक्षारोपण।
पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण का दिया संदेश।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों और जिला न्यायाधीश (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जनपद में वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में यह अभियान वन विभाग के सहयोग से रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की दक्षिणी जखोली रेंज में चलाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता का संवर्धन और 'हरित एवं स्वच्छ उत्तराखंड' के संकल्प को साकार करना रहा।
अभियान का शुभारंभ करते हुए सचिव पायल सिंह ने स्वयं पौधा रोपा और आमजन से प्रकृति संरक्षण की अपील की। इस दौरान क्षेत्र की पारिस्थितिकी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रजातियों के अलावा फलदार, छायादार और औषधीय गुणों से भरपूर पौधों का बड़े पैमाने पर रोपण किया गया। सचिव ने बताया कि ये पौधे न केवल शुद्ध वातावरण और मृदा व जल संरक्षण में सहायक होंगे, बल्कि मानव व वन्यजीवों के लिए भी प्राकृतिक संसाधनों को समृद्ध करेंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि केवल पौधारोपण ही नहीं किया गया, बल्कि उपस्थित सभी अधिकारियों, रिटेनर अधिवक्ताओं, पैरालीगल वालंटियर्स (PLVs) और वन विभाग के कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके पूर्ण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इस महाअभियान में हिस्सा लेकर समाज को एक हरित और सुरक्षित भविष्य का संदेश दिया।


