भारी बारिश से बुढना होम्योपैथिक चिकित्सालय पर खतरा।
भवन की नींव के आगे लगा सुरक्षा पुस्ता धंसा।
जखोली (रुद्रप्रयाग)। विकासखंड जखोली के अंतर्गत बुढना स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय भवन पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंभीर खतरा मंडराने लगा है। बारिश के प्रकोप से अस्पताल भवन के नीचे बना सुरक्षा पुस्ता धंस गया है, जिससे इमारत की नींव प्रभावित होने लगी है। समय रहते सुरक्षात्मक कदम न उठाए जाने पर भवन के क्षतिग्रस्त होने और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
मामले की जानकारी तब सामने आई जब बुढना गांव निवासी अनेन्द्र नैथानी अस्पताल परिसर के समीप पहुंचे। पुस्ता धंसा देख उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सुरक्षा पुस्ते का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा ने बताया कि स्थिति का संज्ञान लेते हुए विभागीय पत्रावली तैयार कर ली गई है। क्षतिग्रस्त पुस्ते के पुनर्निर्माण और भवन की सुरक्षा से संबंधित रिपोर्ट आज ही जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को प्रेषित की जा रही है, ताकि शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जा सकें।


