विश्व पर्यावरण दिवस: जखोली में वन विभाग और जनप्रतिनिधियों ने दी पर्यावरण संरक्षण की अलख।
जखोली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के दक्षिणी एवं उत्तरी जखोली रेंज के संयुक्त तत्वावधान में जाखनी परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य नीता बुटोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य (मयाली व ललूड़ी) और जाखनी के ग्राम प्रधान शामिल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विनीता चमोली ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती और आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर दक्षिणी जखोली के रेंज अधिकारी हरीश थपलियाल एवं उत्तरी जखोली के रेंज अधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में वन विभाग के कर्मचारियों, महिला मंगल दल की सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर पौधरोपण किया। कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग तथा भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ व हरित वातावरण सुनिश्चित करने की सामूहिक शपथ ली।
दूसरी ओर, उत्तरी जखोली रेंज के अंतर्गत ग्राम सभा धारकोट में भी विश्व पर्यावरण दिवस पर एक विशेष विचार गोष्ठी और जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी में पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नागेंद्र सिंह पंवार, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि विजय सिंह पंवार, कुलदीप सिंह पंवार, शीशपाल सिंह कप्रवान और महावीर सिंह कंडारी सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने प्रकृति संरक्षण के उपायों पर खुलकर विचार रखे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेंज के अंतर्गत विभिन्न अन्य स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम चलाकर ग्रामीणों को वनों व पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।










