रुद्रप्रयाग-बद्रीनाथ हाईवे पर आर्मी ट्रक और कार में भीषण भिड़ंत, 5 लोग घायल; दो की हालत गंभीर।
रुद्रप्रयाग-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा के समीप बुधवार दोपहर एक आर्मी ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और '108' आपातकालीन एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. द्विवेदी ने बताया कि घायलों में दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह (25, निवासी देवाल, चमोली) और सुशीला देवी (40, निवासी लोहाजंग, चमोली) को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य तीन घायलों—शांति देवी (45), हिमांशु (14) और भावेश (15) का उपचार जिला अस्पताल में ही चल रहा है। सभी घायल चमोली जिले के निवासी हैं।
डीएम ने लिया एक्शन: हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने नरकोटा पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने सड़क पर फैले मलबे और निर्माणाधीन पुल की सामग्री को तत्काल हटाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारू हो सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


