केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शराब तस्करी का भंडाफोड़।
5 पेटी व्हिस्की के साथ स्कूटी सवार गिरफ्तार, वाहन सीज।
उत्तराखंड में पवित्र श्री केदारनाथ यात्रा के बीच आस्था के मार्ग पर नशे का कारोबार करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जनपद में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी फाटा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्कूटी से भारी मात्रा में तस्करी की जा रही अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चौकी फाटा पुलिस की टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्तकाशी की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कूटी (संख्या UK07 DS-9715) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। स्कूटी के भीतर से मैकडॉवेल व्हिस्की की 12 बोतलें और 96 पव्वे (कुल 5 पेटी) अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही शराब का अवैध परिवहन कर रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान आशीष कुमार (पुत्र शिवलाल), निवासी तालजामण, गुप्तकाशी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी शराब से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को मौके पर ही सीज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली गुप्तकाशी में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
श्री केदारनाथ यात्रा के दौरान शराब माफियाओं द्वारा लगातार की जा रही तस्करी ने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई है। हालांकि, प्रशासन की मुस्तैदी से बैक-टू-बैक गिरफ्तारियां हो रही हैं, लेकिन इन असामाजिक तत्वों पर पूर्ण विराम लगाने के लिए अब पुलिस को एक नई और अधिक आक्रामक रणनीति बनाने की आवश्यकता महसूस हो रही है।


