बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: जोशीमठ के पास अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो ट्रैवलर, गाजियाबाद की महिला श्रद्धालु की मौत, 16 घायल।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच एक और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के पास पैनी बैंड के समीप श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलट गया। इस भीषण हादसे में वाहन सवार 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से चालक सहित कुल 18 श्रद्धालुओं का एक दल टेंपो ट्रैवलर से बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए निकला था। जैसे ही उनका वाहन जोशीमठ के पास पैनी बैंड के समीप पहुंचा, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार वाहन सड़क पर ही पलट गया। वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एम्बुलेंस के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने स्थानीय युवाओं की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए वाहन में फंसे घायल यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि इस हादसे में कुल 17 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 16 यात्रियों को मामूली और गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आपातकालीन वार्ड में उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला श्रद्धालु की पहचान आरती (44 वर्ष) पत्नी निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे की जानकारी गाजियाबाद में रह रहे उनके परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक को झपकी आने के कारण।


