हिंदी पत्रकारिता दिवस पर उत्तरांचल प्रेस क्लब में संगोष्ठी व पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन।
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब में हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश के वरिष्ठ व युवा पत्रकारों को सम्मानित किया गया, जिनमें रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक (लुठियाग चिरबटिया) निवासी युवा कवि और पत्रकार दीपक कैंतुरा भी शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दैनिक जागरण के संपादक मनोज झा तथा वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार सोमवारी लाल उनियाल ने डिजिटल युग में तथ्य आधारित, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य बताया।
मुख्य अतिथि, सूचना विभाग के अपर निदेशक डॉ. आशीष त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जितेन ठाकुर व जनकवि डॉ. अतुल शर्मा ने साहित्य और पत्रकारिता को समाज का दर्पण बताते हुए सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन और पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत ने युवा पत्रकारों से विश्वसनीयता बनाए रखने की अपील की।
समारोह में क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने सभी को बधाई देते हुए एक बड़ा समाचार साझा किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी के विशेष सहयोग से प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित भवन निर्माण हेतु निविदा प्रक्रिया जारी कर दी गई है। इस बड़ी उपलब्धि पर क्लब ने सरकार का आभार जताया। कार्यक्रम का सफल संचालन महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया। इस अवसर पर सोमवारी लाल उनियाल, अविकल थपलियाल, आदर्श भट्ट सहित कुल 18 पत्रकारों को सम्मानित किया गया तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल व कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


