युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए रुद्रा यूथ क्लब और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने सजाया ‘ओपन माइक’ का मंच।
मंच पर जनपद भर से आए कला व संगीत प्रेमी युवाओं ने अपनी कलात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन।
रुद्रप्रयाग। स्थानीय स्तर पर थिएटर, संगीत और कला के क्षेत्र में नवांकुर प्रतिभाओं को तराशने के उद्देश्य से रुद्रा यूथ क्लब और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा रुद्रप्रयाग सभागार में एक भव्य ‘ओपन माइक’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अनूठे मंच पर जनपद भर से आए कला व संगीत प्रेमी युवाओं ने अपनी कलात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। युवाओं ने थिएटर, गीत, संगीत और कला की विभिन्न विधाओं में एक से बढ़कर एक अद्वितीय प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस सांस्कृतिक समागम में बतौर मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध संगीत नाट्य समूह 'पाण्डवाज' के संरक्षक व मार्गदर्शक प्रेम मोहन डोभाल और वरिष्ठ पत्रकार श्यामलाल सुंदरियाल ने शिरकत की। उन्होंने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और रुद्रा यूथ क्लब के इस साझा प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उभरती हुई ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं के लिए इस तरह के मंच मील का पत्थर साबित होते हैं।
फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य नवांकुर संगठनों और युवाओं में छिपी संस्कृति, सांस्कृतिक विरासत, कला और थिएटर की विधाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि उन्हें भविष्य में बड़े फलक पर अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम का सफल संचालन रुद्रा यूथ क्लब के सूरज नेगी ने किया। संगीत और वाद्य यंत्रों के कुशल संचालन में आकाश, अनुराग, विवेक, उर्वशी और आरूषी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से अंकिता, और रुद्रा यूथ क्लब से निकिता, नसरीन, अक्षता, राजदीप, राजेश सहित क्लब के सभी सदस्य और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



