केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई बाबा की पंचमुखी उत्सव डोली

भगवान श्री केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली,
खबर शेयर करें:

 

जयकारों के बीच केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई बाबा की पंचमुखी उत्सव डोली, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट।

ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग): आस्था और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली आज अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई। मंदिर परिसर में परंपरागत पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर प्रस्थान किया, पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस पावन अवसर पर उमड़े श्रद्धालुओं के जनसमूह ने पुष्प वर्षा कर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया।

डोली प्रस्थान के दृष्टिगत मंदिर परिसर को लगभग आठ कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। परंपरा का पालन करते हुए शनिवार रात्रि को भैरवनाथ जी की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, आज डोली ऊखीमठ से प्रस्थान कर गुप्तकाशी पहुंचेगी, जहाँ श्री विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन देने के बाद यह फाटा के लिए प्रस्थान करेगी और रात्रि विश्राम वहीं करेगी। इसके बाद 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड स्थित गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी।



यात्रा के अगले पड़ाव में 21 अप्रैल को डोली गौरीकुंड से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी और मंदिर भंडार में विराजमान होगी। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत आगाज हो जाएगा।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग और बी.के.टी.सी. के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ ही स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और पैदल मार्गों पर बर्फ हटाने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। वहीं, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुख-सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विभागों को यात्रा के सुचारू संचालन के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। बाबा केदार के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->