जखोली के नागेन्द्र देवता मेले में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का दिखा अद्भुत संगम।
जखोली/रुद्रप्रयाग- पट्टी लस्या के आराध्य देवों का पांच दिवसीय पारंपरिक मेला (थल्लू) ग्राम जखोली के खानसौड़ मैदान में श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित हो रहा है। 18 अप्रैल से शुरू हुआ यह भव्य आयोजन 22 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें स्थानीय निवासियों के साथ ही दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मेले में नागेन्द्र देवता, जगदी माता, शिवशक्ति माता और घन्डियाल देवता की डोलियों के साथ नागराजा की छड़ी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। देव डोलियों के आगमन और पारंपरिक नृत्य के साथ हुए धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा नेता कमलेश उनियाल ने महिला मंगल दलों की अध्यक्षों और क्षेत्रीय मातृशक्ति के साथ विशेष संवाद किया। उन्होंने अपने संबोधन में उत्तराखंड की संस्कृति, कृषि और पशुपालन को संरक्षित करने में मातृशक्ति के योगदान को अतुलनीय बताया। उन्होंने कहा कि आज पहाड़ की जो पहचान सुरक्षित है, उसके पीछे महिलाओं का कड़ा परिश्रम और संघर्ष है।
कमलेश उनियाल ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे सोलर फेंसिंग, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। साथ ही, युवाओं की बेरोजगारी और पलायन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए वे सीधे जनता के बीच जाकर समस्याओं का संज्ञान ले रहे हैं और शासन-प्रशासन के माध्यम से उनके त्वरित समाधान हेतु कार्य कर रहे हैं।
आयोजन की सांस्कृतिक गरिमा बढ़ाते हुए कमलेश उनियाल ने देव डोलियों और पश्वाओं के साथ पारंपरिक नृत्य में भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि देवभूमि के ऐसे आयोजनों में सम्मिलित होकर उन्हें आत्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अर्जुन गैरोला, अंकुर राठौर, मेला समिति अध्यक्ष विजेंद्र मेवाड़, ग्राम प्रधान विजय देवी, विनीता देवी, सरोजनी देवी सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, कीर्तन मंडली और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही। यह मेला क्षेत्र की सामाजिक एकता और समृद्ध लोकसंस्कृति का एक जीवंत प्रतीक बनकर उभरा है।


