रुद्रप्रयाग: उत्तराखण्ड क्रान्ति दल की जिला कार्यकारिणी घोषित।
विनोद कप्रवाण वरिष्ठ उपाध्यक्ष व हरिभजन भंडारी बने महामंत्री।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (उक्रांद) ने संगठन की गतिविधियों को धार देने और आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपनी जनपद इकाई का विधिवत गठन कर दिया है। स्यालसौड़ चन्द्रापुरी स्थित एक स्थानीय होटल में जिलाध्यक्ष बलबीर चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। दल ने अपनी इस नई टीम के जरिए जिले में सांगठनिक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को तेज करने का संकल्प लिया है।
नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए जिलाध्यक्ष बलबीर चौधरी ने बताया कि विनोद कप्रवाण को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा विक्रम सिंह फर्स्वाण को जिला उपाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। संगठन के विस्तार की जिम्मेदारी देते हुए हरिभजन भंडारी व दीप प्रकाश भट्ट को जिला महामंत्री और महिपाल भंडारी को जिला संगठन मंत्री नियुक्त किया गया है। ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूती देने हेतु राज किशोर विष्ट को अगस्त्यमुनि व राय सिंह पंवार को जखोली का ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
युवाओं और महिलाओं को दल से जोड़ने के लिए युवा उक्रांद की कमान रवि राणा को सौंपी गई है, जबकि गगनदीप रावत को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी बंदना भट्ट को दी गई है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन का विस्तार अभी जारी रहेगा और जल्द ही अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों के लिए एकजुटता का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली, केंद्रीय सचिव पृथ्वी पाल रावत सहित जितार सिंह जंगवाण, आशुतोष भंडारी और आरती पांडेय जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर दल की नीतियों से प्रभावित होकर दर्जनों लोगों ने उत्तराखण्ड क्रान्ति दल की सदस्यता भी ग्रहण की।



