चमराड़ा अगस्त्यमुनि में पानी के टैंक में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, सुरक्षित जंगल में छोड़ा।
रुद्रप्रयाग। जनपद के उत्तरी जखोली रेंज अंतर्गत चमराड़ा क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ पानी के स्टोरेज टैंक में जा गिरा। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बाद वन्यजीव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने मोर्चा संभाला और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ को देखते हुए उन्हें सुरक्षित दूरी पर रखा गया ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। इसके उपरांत रेस्क्यू रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) ने बेहद सावधानी के साथ टैंक में फंसे तेंदुए को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों के कुशल निर्देशन में टीम ने बिना किसी नुकसान के तेंदुए को रेस्क्यू करने में सफलता प्राप्त की।
उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएस पुंडीर ने बताया कि तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण करने के उपरांत उसे बिना किसी चोट के उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। उन्होंने राहत व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे अभियान के दौरान न तो कोई जनहानि हुई और न ही वन्यजीव को कोई क्षति पहुंची। यह सफल अभियान उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेन्द्र सिंह, वन क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र नेगी (उत्तर जखोली रेंज) तथा हरिशंकर रावत के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष को न्यूनतम करने के लिए नियमित गश्त और कैमरा ट्रैपिंग जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग को सूचित करें।


