राजकीय महाविद्यालय जखोली में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का भव्य आगाज।
इस वर्ष की थीम "Youth for My Bharat – Youth for Digital Literacy" (भारत के लिए युवा - डिजिटल साक्षरता के लिए युवा)। रखी गई है।
शिविर का मुख्य विजन डिजिटल इंडिया को सशक्त बनाने में अपना योगदान देना है।
जखोली। राजकीय महाविद्यालय जखोली में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी कमलेश उनियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। 23 मार्च से शुरू हुए इस शिविर में महाविद्यालय के 20 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं, जो आगामी एक सप्ताह तक क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक सरोकारों पर जन-जागरूकता अभियान चलाएंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमलेश उनियाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना जागृत होती है और वे जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं को समझने में सक्षम बनते हैं। उन्होंने स्वयंसेवियों का आह्वान किया कि वे शिविर के दौरान सीखे गए अनुशासन और सेवा भाव को जीवन भर आत्मसात करें।
शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत गीतों और एनएसएस के 'लक्ष्य गीत' के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति और सेवा के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम अधिकारी और शिविर प्रभारी डॉ0 नंदलाल ने स्वयंसेवियों को एनएसएस के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम "Youth for My Bharat – Youth for Digital Literacy"रखी गई है। शिविर का मुख्य विजन डिजिटल इंडिया को सशक्त बनाने में अपना योगदान देना है। उन्होंने कहा कि "टेक्नोलॉजी जितनी सशक्त होगी, राष्ट्र उतना ही प्रभावशाली बनेगा", इसी उद्देश्य के साथ स्वयंसेवी ग्रामीणों को डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक करेंगे।
सात दिवसीय इस विशेष प्रवास के दौरान स्वयंसेवी नशामुक्ति, फंक्शनल लिटरेसी, मतदाता जागरूकता और स्वच्छता अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में रैलियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अलख जगाई जाएगी। इस अवसर पर पूर्व प्रधान देवल शम्भू प्रसाद उनियाल, डॉ0 दिलीप, डॉ0 सुभाष कुमार, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित, पूनम रावत आदि उपस्थित रहे।



