UKD की जनजागरण रैली पहुंची जखोली

उत्तराखंडक्रान्तिदल का जनजागरण अभियान,
खबर शेयर करें:

 

उत्तराखंड क्रांति दल की जनजागरण यात्रा पहुंची जखोली।

भाजपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे यूकेडी नेता।

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) द्वारा स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही चरणबद्ध 'जनजागरण यात्रा' आज विकासखंड जखोली पहुंची। यात्रा का आगाज सुमाड़ी तिलवाड़ा से हुआ, जो तुनेटा और मयाली होते हुए जखोली पहुंची, जहाँ कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊ के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान आयोजित नुक्कड़ सभाओं में यूकेडी नेताओं ने राज्य की दुर्दशा के लिए बारी-बारी से सत्ता पर काबिज रही भाजपा और कांग्रेस सरकारों को जमकर घेरा। दल ने स्पष्ट किया कि वे प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, पलायन, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार से पिछले 25 वर्षों का हिसाब मांग रहे हैं।

​यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अब उत्तराखंड की जल-जमीन-जंगल और अपनी पहचान बचाने के लिए एकजुट होने का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़मा में सैनिक स्कूल और पूर्वी-पश्चिमी बांगर को जोड़ने वाली सड़क जैसे महत्वपूर्ण मामलों में सरकार और जनप्रतिनिधियों ने जनता को केवल गुमराह किया है। दल ने राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विडंबना है कि 25 वर्षों में 10 मुख्यमंत्री बदलने के बाद भी आज तक प्रदेश की राजधानी तय नहीं हो पाई है।

​नुक्कड़ सभाओं और जन गीतों के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों को मूल निवास प्रमाण पत्र बहाल करने और संसाधनों पर स्थानीय हक के लिए जागरूक किया। केंद्रीय संगठन मंत्री विष्णु कांत शुक्ला और केंद्रीय मंत्री बलबीर चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा-कांग्रेस ने जखोली को केवल वोट की राजनीति तक सीमित रखा है। विकास के नाम पर जनप्रतिनिधि केवल सड़कों के डामरीकरण का रिबन काटने तक ही सीमित रह गए हैं। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राय सिंह पंवार, विष्णु कांत शुक्ला, उम्मेद सिंह नेगी सहित भारी संख्या में दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->