विकासखण्ड मन्दाकिनी में पहली भाजपा प्रमुख बनी भुवनेश्वरी देवी।
निर्विरोध ब्लॉकप्रमुख बनी भाजपा समर्थित प्रत्याशी, जेष्ठ व कनिष्ठ उपप्रमुख पद भी भाजपा ने मारीबाजी निर्विरोध चयन।
अगस्त्यमुनि- रुद्रप्रयाग जनपद के विकास खण्ड मन्दाकिनी में प्रमुख पद पर भाजपा की भुवनेश्वरी देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। आज मंगलवार को नाम वापसी के दिन कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी गायत्री देवी ने अपना नाम वापस लिया, जिसके बाद भुवनेश्वरी देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
ज्येष्ठ प्रमुख पद पर शान्ति चमोला तथा कनिष्ठ प्रमुख पद पर सविता भंडारी अन्य किसी के नामांकन न होने पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।
भाजपा के द्वारा इस बार मन्दाकिनी ब्लॉक में तीनों पदों पर निर्विरोध जीत हासिल कर रिकोर्ड बनाया गया है। पहली मन्दाकिनी ब्लॉक में भाजपा को प्रमुख पद पर जीत हासिल हुई है जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया।
आज दोपहर मन्दाकिनी विकासखण्ड में भाजपा नेता देवेश नौटियाल कांग्रेस प्रत्याशी गायत्री देवी को लेकर ब्लॉक मुख्यालय अगस्त्यमुनि पहुंचे तथा आरओ के सम्मुख कहा कि गायत्री देवी भाजपा प्रत्याशी भुवनेश्वरी देवी को प्रमुख पद पर समर्थन दे रही हैं तथा अब वे अपना नाम वापस ले रही हैं। जिसके बाद नाम वापसी की कार्यवाही हुई और उनका नाम प्रत्याशी से हटाया गया। जिसके बाद भुवनेश्वरी देवी को निर्विरोध प्रमख निर्वाचित घोषित किया गया। भाजपा नेता देवेश नौटियाल ने कहा कि गायत्री देवी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी भुवनेश्वरी देवी को अपना समर्थन देते हुए अपना नाम वापस लिया है। यह भाजपा की सबसे बड़ी जीत है। पहली बार मन्दाकिनी क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर भाजपा को विजय मिली है। इस विजय से भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारतभूषण भट्ट, पूर्व अध्यक्ष महावीर पंवार, उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, नगर अध्यक्ष मनोज राणा, प्रधानद संगठन के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विक्रम सिंह नेगी, बुद्धिबल्लभ ममगांई सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।