तल्ला नागपुर विकास मेले में लोकगायक सौरभ मैठाणी ने बांधा समां, हरक सिंह रावत ने मंच पर लगाए ठुमके।
पलायन पर जताई चिंता, ग्रामीणों से पुश्तैनी जमीन और पहाड़ की संस्कृति बचाने की अपील।
कुलदीप रावत के साथ मंच साझा करने से केदारनाथ की राजनीति में चर्चाएं तेज।
चोपता। तल्ला नागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले के चौथे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। युवा गढ़वाली लोकगायक सौरभ मैठाणी ने अपने शानदार गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने पहाड़ों से हो रहे पलायन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए स्थानीय लोगों से अपनी पुश्तैनी जमीन और सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने की अपील की। इस दौरान उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में मंच पर ठुमके लगाकर मेलार्थियों का उत्साह भी बढ़ाया।
बुधवार को आयोजित मेले में डॉ. हरक सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की खुशहाली और पहाड़ों का समग्र विकास ही उत्तराखंड की प्रगति का आधार है। पहाड़ों से लगातार हो रहा पलायन चिंता का विषय है। स्थानीय निवासियों को अपनी पुश्तैनी जमीन नहीं छोड़नी चाहिए और अपने गांवों के विकास में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने पहाड़ की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना की। साथ ही कहा कि पहाड़ के विकास के लिए उनका योगदान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. हरक सिंह रावत का केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में पहुंचना और समाजसेवी कुलदीप रावत के साथ मंच साझा करना राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बना रहा। गौरतलब है कि कुलदीप रावत पूर्व में केदारनाथ विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। क्षेत्र में उनका अपना जनाधार माना जाता है। ऐसे में दोनों नेताओं की एक मंच पर मौजूदगी को आगामी विधानसभा चुनाव के संभावित राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में प्रभावशाली जनाधार रखने वाले नेताओं की सक्रियता चुनावी मुकाबले को प्रभावित कर सकती है।
इस अवसर पर समाजसेवी कुलदीप रावत ने कहा कि समाजसेवा के कार्यों से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव हों या न हों, समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी हमेशा बनी रहेगी और वह निरंतर जनहित के कार्य करते रहेंगे।
मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगायक सौरभ मैठाणी ने अपनी मधुर आवाज और गढ़वाली लोकगीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रुद्रप्रयाग संतोष रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ऋतु नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख अगस्त्यमुनि शांति प्रसाद चमोला, कांग्रेस नेता प्रदीप थपलियाल, दीप सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी, मेला समिति अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण बर्त्वाल, सचिव वीरेंद्र कुनियाल, कोषाध्यक्ष यशपाल सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनीता बर्त्वाल, प्रधान सरोजनी देवी, साधना देवी, हेमा देवी, आजाद खत्री, दलेब सिंह राणा, अखिलेश नेगी, उत्तम रावत, सामाजिक कार्यकर्ता पंचम सिंह नेगी, जगवीर सिंह नेगी, लक्ष्मण सिंह राणा और गजेंद्र करासी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


