चार महीने से बीमारी से जूझ रहे CRPF जवान गजेंद्र का निधन, एम्स में ली अंतिम सांस; मासूम के सिर से उठा पिता का साया।
चमोली/रुद्रप्रयाग: देश सेवा में समर्पित रुद्रप्रयाग निवासी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 29 वर्षीय जवान गजेंद्र कुमार मंगलवार को जिंदगी की जंग हार गए। देहरादून में तैनात गजेंद्र बीते चार महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और एम्स में उनका इलाज चल रहा था। उनके स्वस्थ होकर घर लौटने की आस लगाए परिजनों पर मंगलवार को तब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब एम्स में इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं। जवान के निधन का समाचार मिलते ही उनके गृह क्षेत्र सहित पूरे रुद्रप्रयाग और चमोली में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से जखोली ब्लॉक (रुद्रप्रयाग) के ग्राम जखनियालगावँ निवासी स्वर्गीय गिरधारी लाल के पुत्र गजेंद्र कुमार का परिवार वर्तमान में पटियालधार में निवास कर रहा था। मंगलवार को जब जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर पटियालधार स्थित आवास पर पहुँचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। माँ और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं पाँच वर्ष के मासूम बेटे के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
गमगीन माहौल में चमोली घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। CRPF के अधिकारियों, जवानों, परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने नम आँखों से शहीद जवान को अंतिम विदाई दी। इस दौरान मदन लोहानी, गोविंद सजवाण, पार्षद सूर्या पुरोहित और पार्षद दीपक बिष्ट सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बँधाया। अपने पीछे माँ, पत्नी और मासूम बेटे को छोड़ गए गजेंद्र भले ही अब भौतिक रूप से बीच में न हों, लेकिन देश सेवा में दिया गया उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।


