रुद्रप्रयाग में "सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन" जागरूकता रैली।
जिला न्यायाधीश नीना अग्रवाल ने दिखाई हरी झंडी।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), रुद्रप्रयाग द्वारा "सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन" विषय पर एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायाधीश व DLSA अध्यक्ष नीना अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ईंधन की बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और जनभागीदारी के जरिए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दें।
सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में यह रैली डाट पुल से शुरू होकर बेलनी नई सुरंग तक निकाली गई। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने नारों और पम्पलेट वितरण के माध्यम से आमजन को सुरक्षित ऊर्जा उपयोग और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया। सचिव श्रीमती पायल सिंह ने कहा कि सुरक्षित ईंधन का उपयोग न केवल मानव जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि यह सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में भी सहायक है। उन्होंने नागरिकों से ईंधन बचाने और प्रदूषण कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन, साइकिल और साझा वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
इस जागरूकता अभियान में व्यापार मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, एएसआई मनोहर सिंह, एलआईयू से मनीषा कंडियाल, कांस्टेबल धीरज कुमार, रिटेनर अधिवक्ता यशोदा खत्री सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी), अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित ईंधन के प्रयोग, ऊर्जा संरक्षण और एक स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।






