जखोली बीडीसी बैठक: जनप्रतिनिधियों ने उठाए विकास के मुद्दे।
आंगनबाड़ी मरम्मत से लेकर आवास सर्वेक्षण तिथि बढ़ाने की उठी मांग ।
जखोली। विकासखंड जखोली के ब्लॉक सभागार में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विनीता चमोली की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, सिंचाई, आवास और विद्युत जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विनीता चमोली ने कहा, "बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय का एक महत्वपूर्ण मंच है। यहाँ स्थानीय समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाती है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सतत संवाद आवश्यक है और सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।"
बाइट- विकासखण्ड प्रमुख जखोली।
बैठक में विकास कार्यों को लेकर गहन चर्चा हुई। ग्राम प्रधान टाट ने बाल विकास विभाग का मुद्दा उठाते हुए कहा, "हमारे क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति सुधारने की सख्त आवश्यकता है। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र की तत्काल मरम्मत कराई जाए और वहाँ सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए।" वहीं, ग्राम प्रधान बांसी ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की मांग करते हुए कहा, "बांसी गांव स्थित शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण बेहद जरूरी है, इससे स्थानीय लोगों की आस्था को बल मिलेगा और आवश्यक सुविधाएं विकसित होंगी।"
ग्रामीणों को आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल ने प्रस्ताव रखा कि, "प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सर्वेक्षण की तिथि बढ़ाई जानी चाहिए, क्योंकि कई पात्र ग्रामीण अब तक इस प्रक्रिया से वंचित हैं। अवधि बढ़ने से अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलेगा।" प्रकाश व्यवस्था पर बात करते हुए चौरा की ग्राम प्रधान ने कहा, "ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाई जाए ताकि रात में ग्रामीणों को होने वाली दिक्कतों से निजात मिल सके और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिले।" कृषि क्षेत्र की समस्या उठाते हुए मुन्नादेवल के ग्राम प्रधान पुनीत डिमरी ने कहा, "क्षेत्र की कई नहरें क्षतिग्रस्त हैं, जिससे किसानों को सिंचाई में दिक्कत हो रही है। नहरों की तत्काल मरम्मत कर कृषि कार्यों को सुचारु बनाया जाए।"
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, एसडीएम भगत सिंह फोनिया और बीडीओ विजय सिंह नेगी समेत कई अधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया।


