मयाली बाजार में सार्वजनिक शौचालय बदहाल

मयाली बाजार में शौचालय
खबर शेयर करें:

 मयाली बाजार में सार्वजनिक शौचालय बदहाल, खुले में शौच को मजबूर यात्री व स्थानीय लोग।

मयाली (रुद्रप्रयाग): चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव और 100 से अधिक गांवों के व्यापारिक केंद्र मयाली बाजार में बुनियादी सुविधाओं का बुरा हाल है। यहाँ बने सार्वजनिक शौचालयों में पानी की व्यवस्था न होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिसके कारण चारधाम यात्रियों और स्थानीय निवासियों को खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों प्रेम प्रकाश कोठारी, महावीर सिंह, जितेंद्र सिंह और जगदम्बा प्रसाद ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि एक वर्ष तक बंद रहने के बाद जब जन दबाव में इस शौचालय को खोला गया, तो जल संस्थान ने पानी का कनेक्शन जोड़ा। लेकिन कुछ समय पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जेसीबी द्वारा मलबा हटाते समय यह पाइपलाइन तोड़ दी गई, जो तब से सुधारी नहीं गई है। यही स्थिति मयाली पार्किंग में बने शौचालय की भी है, जो पानी न होने से महज एक 'शो-पीस' बनकर रह गया है।

इसके अतिरिक्त, बाजार से महज 100 मीटर की दूरी पर खुले में कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। चारदीवारी न होने से प्लास्टिक कचरा जंगलों में फैल रहा है, जिससे न केवल जंगली जानवरों का आतंक बढ़ गया है, बल्कि दावानल (जंगल की आग) की स्थिति में बाजार पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है। व्यापारियों की मांग है कि जिला पंचायत भले ही शुल्क ले, लेकिन यात्रा के चरम सीजन को देखते हुए व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त करे।

अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत, रुद्रप्रयाग) संजय कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में है और इसका अतिशीघ्र समाधान किया जाएगा। टूटी हुई पाइपलाइन को जोड़ने के लिए जल संस्थान को तत्काल निर्देशित किया जा रहा है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->