केदारनाथ के रावल भीमा शंकर लिंग ने दी आमरण अनशन की चेतावनी

केदारनाथ के रावल भीमा शंकर लिंग ने लगाया परम्पराउलंघन का आरोप,
खबर शेयर करें:

 परंपरा के उल्लंघन का आरोप: केदारनाथ के रावल भीमा शंकर लिंग ने दी आमरण अनशन की चेतावनी, पीएम मोदी को भेजा पत्र।

रुद्रप्रयाग/गुप्तकाशी। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा पुजारियों के स्थानांतरण और नई नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। केदारनाथ के रावल भीमा शंकर लिंग ने इस कदम को सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए आमरण अनशन की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।

पूरा विवाद गुप्तकाशी विश्वनाथ मंदिर में तैनात पुजारी शांत लिंग के ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ स्थानांतरण और उनके स्थान पर ईश्वर लिंग की नई तैनाती से जुड़ा है। बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रागड़ द्वारा जारी इस आदेश पर रावल भीमा शंकर लिंग ने कड़ा विरोध जताया है। रावल का कहना है कि केदारनाथ प्रतिष्ठान में पंच पुजारियों की नियुक्ति और तैनाती रावल की संस्तुति के आधार पर ही होती है। वर्तमान में गुप्तकाशी में तैनात शांत लिंग को उनकी संस्तुति प्राप्त है, जबकि नए तैनात किए जा रहे ईश्वर लिंग को उन्होंने कोई संस्तुति पत्र जारी नहीं किया है।

रावल ने बीकेटीसी के इस फैसले को परंपराओं पर कुठाराघात बताते हुए आदेश को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। दूसरी ओर, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रागड़ ने कहा कि आदेश जारी किया गया है, लेकिन इस संदर्भ में केदारनाथ रावल से वार्ता कर परंपरा के अनुसार ही उचित निर्णय लिया जाएगा।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->