हरिद्वार में खनन के खेल का ऑडियो वायरल, दरोगा समेत पूरी चौकी पर गिरी गाज।
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में अवैध खनन के काले कारोबार में पुलिस की कथित संलिप्तता का एक बड़ा मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर अवैध खनन से जुड़े लेनदेन का एक ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कड़ा रुख अपनाते हुए झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर पुलिस चौकी के प्रभारी (दरोगा) समेत पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वायरल ऑडियो में कथित तौर पर अवैध खनन के एवज में रुपयों के लेनदेन और चौकी प्रभारी से सांठगांठ कराने की बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो के सार्वजनिक होते ही पुलिस प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में पुलिस कर्मियों की संदिग्ध भूमिका के संकेत मिले हैं, जिसके आधार पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाली किसी भी अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।


