ग्राम स्वारी ग्वांश घिमतोली में पांडव नृत्य के साथ चक्रव्यूह का भव्य मंचन।
विधायक आशा नौटियाल ने किया उद्घाटन।घिमतोली से स्वारी ग्वाश लिंक रोड (1200 मीटर) की टेंडर प्रक्रिया पूरी के साथ अन्य घोषणाएं की।
रुद्रप्रयाग। तल्लानागपुर क्षेत्र के विकास खंड अगस्त्यमुनि के ग्राम स्वारी ग्वांश घिमतोली में हाल ही में पांडव नृत्य के साथ चक्रव्यूह का भव्य मंचन आयोजित किया गया। इस पौराणिक मंचन का शुभारंभ मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने भगवान कार्तिक स्वामी महाराज की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया।
चक्रव्यूह के मंचन में महाभारत के उस मार्मिक दृश्य को जीवंत किया गया, जब वीर अभिमन्यु प्रवेश द्वार को तोड़ते हुए कौरव सेना के महारथियों को पराजित कर देता है, किंतु सातवें द्वार पर पहुँचने पर कौरव महारथियों द्वारा छलपूर्वक उनका वध कर दिया जाता है। अभिमन्यु के मारे जाने का यह दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो उठे। वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी सहित सभी पात्रों ने अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के सफल संचालन में बलदेव नेगी और अर्जुन नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्राम प्रधान कविता देवी और क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी ने सभी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का स्वागत भगवान कार्तिक स्वामी का स्मृति पट्टा और फूल मालाएं पहनाकर किया।
मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में राम जन्मभूमि पर राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराए जाने से हमें प्रेरणा मिलती है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे देव कार्यक्रम क्षेत्र में समृद्धि बनाए रखते हैं। उन्होंने ग्राम सभा के लोगों की एकता की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकता के बल पर ऐसे भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विधायक नौटियाल ने इस अवसर पर घिमतोली से स्वारी ग्वाश लिंक रोड (1200 मीटर) की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी और जल्द ही कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने डांग तोक में सुरक्षा दीवार, सोलर लाइट, और पंचायत भवन/मिलन केंद्र जैसे विकास कार्यों की भी घोषणा की, जिसे जल्द पूरा करवाया जाएगा।
चक्रव्यूह के शुभ अवसर पर मंदाकिनी विकासखंड अगस्त्यमुनि की ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी, ग्राम प्रधान कविता देवी, पूरन नेगी, रमेश नौटियाल, आशीष नौटियाल, प्रहलाद गुसाई, चंडी प्रसाद सेमवाल, मंगन नेगी, महेंद्र नेगी, भागचंद नेगी, गोविंद नेगी, मानेंद्र कुमार आदि समस्त क्षेत्रवासी और ग्रामीण उपस्थित रहे।


