भूसे की आड़ में शराब- संगठन ने दी चक्का जाम की चेतावनी

भूसे की आड़ में पहुंचाई गई शराब का मामला,
खबर शेयर करें:

 

भूसे की आड़ में शराब तस्करी मामला: चालक की गिरफ्तारी पर भड़का गुस्सा, संगठन ने दी चक्का जाम की चेतावनी।

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पिछले दिनों पुलिस द्वारा भूसे की आड़ में की जा रही बड़ी शराब तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक मालवाहक गाड़ी को पकड़ा गया था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने भूसे के 60 बैगों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब की बोतलें बरामद की थीं, जिसके बाद मौके से वाहन चालक गुलजार अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अब इस पूरे मामले में एक नया मोड़ आ गया है। 'बद्री विशाल मालगड़ी कल्याण एसोसिएशन, श्रीनगर' ने पुलिस की इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष पाल सिंह का आरोप है कि पकड़ा गया चालक पूरी तरह बेकसूर है, क्योंकि गाड़ी को केवल भूसा ढुलाई के नाम पर बुक किया गया था और चालक को उसमें छिपाई गई शराब के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। संगठन का कहना है कि असली साजिशकर्ता और मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर खुले घूम रहे हैं। यूनियन ने पुलिस को उन दो संदिग्धों के मोबाइल नंबर भी सौंपे हैं जिन पर शराब भेजने का सीधा संदेह है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। निष्पक्ष जांच के लिए अब पौड़ी जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की जा रही है। एसोसिएशन ने अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि 5 जून तक वास्तविक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे और गौरीकुंड जाने वाले तमाम मालवाहक वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद कर चक्का जाम कर देंगे। दूसरी ओर, एसपी नीहारिका तोमर का कहना है कि मौके से पकड़े गए चालक को जेल भेजा जा चुका है और विवेचना के दौरान जिन भी अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->