तिलवाड़ा पुल पर रोज लग रहा जाम, चारधाम यात्रा से पहले पार्किंग संकट गहराया।
तिलवाड़ा: रुद्रप्रयाग जनपद के तिलवाड़ा बाजार और पुल पर लगने वाले भीषण जाम ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। स्थिति यह है कि लगभग हर दिन घंटों लग रहे इस जाम के कारण स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम का मुख्य कारण पुल के समीप बनी पार्किंग की सीमित क्षमता और सड़कों के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन हैं।
वर्तमान में पुल के पास उपलब्ध पार्किंग में केवल 100 छोटे टैक्सियों को खड़ा करने की क्षमता है, लेकिन वाहनों की संख्या इससे कहीं अधिक है। हालाँकि नगर पंचायत तिलवाड़ा ने पुलिस चौकी से आगे एक वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की है, लेकिन अधिकांश वाहन चालक वहां जाने के बजाय मुख्य सड़क के किनारे ही वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और पलक झपकते ही वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
मंदाकिनी टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद डिमरी ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यूनियन के टैक्सी वाहन तो निर्धारित पार्किंग से ही संचालित होते हैं, लेकिन अन्य वाहनों के लिए उचित जगह न होने से सड़क पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि प्रशासन पार्किंग की सुविधा का विस्तार करे और स्थानीय लोग अपनी निजी भूमि पर पार्किंग निर्माण के लिए आगे आएं, तो इससे न केवल जाम की समस्या सुलझेगी बल्कि स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए यह समस्या और भी गंभीर नजर आ रही है। यात्रा शुरू होते ही बाहरी राज्यों के वाहनों का दबाव बाजार पर कई गुना बढ़ जाएगा। यदि समय रहते स्थानीय वाहनों के लिए पार्किंग का उचित चयन और नियमन नहीं किया गया, तो यात्रा के दौरान तिलवाड़ा में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रा सीजन से पूर्व पार्किंग की इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।


