उत्तरकाशी सिलाई बैंड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का सीएम धामी ने किया हवाई निरीक्षण।
शासन और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को युद्धस्तर पर स्थिति को सुधारने के लिए धरातल पर कार्य करने के निर्देश।
यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड में बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बादल फटने वाले जगह और ओजरी और स्यानाचट्टी का हवाई निरीक्षण किया व यमुनोत्री क्षेत्र के आसपास की स्थितियों का अवलोकन किया। आपदा प्रभावित क्षेत्र के अवलोकन पश्चात शासन और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को युद्धस्तर पर स्थिति को सुधारने व आपदा के दौरान प्रभावित व्यक्ति को हर संभव मदद के लिए निर्देश दिए।
बीते 28 जून 2025 को हुई अतिवृष्टि के कारण यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के समीप बादल फटने से वहां एक निजी होटल में कार्य करने वाले टिनशेड और पलाई के कमरों में रह रहे नौ लोग बादल फटने से आये मलबे और पानी के सैलाब के साथ बह गए थे। घटनास्थल से 20 मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया व मलबे में बहे लोगों में से दो के शव बरामद हो गए थे, सात अन्य अभी लापता हैं जिनकी खोज की जा रही है।
यमुनोत्री हाईवे का हिस्सा ओजरी में बहने से एक सप्ताह बाद भी आवाजाही शुरू नहीं हुई है। इस स्थान पर एनएच की ओर से 24 मीटर लंबे स्पान पुल का निर्माण युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है जिसपर लगभग 05 दिन का समय आवाजाही को सुचारु करने में लगेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रविवार को आपदा प्रभावित इलाकों यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड सहित ओजरी और स्यानाचट्टी का हवाई निरीक्षण किया।