सनातन धर्म हिन्दू सम्मेलन समिति ने भरी हुंकार, RSS के शताब्दी वर्ष पर होगा भव्य आयोजन।
जनपद में सनातन संस्कृति के संरक्षण और 'अखण्ड भारत' की परिकल्पना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सनातन धर्म हिन्दू सम्मेलन समिति ने कमर कस ली है। इसी क्रम में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला संयोजक देवेंद्र सिंह पडियार ने कहा कि वर्तमान समय में अपनी गौरवशाली विरासत को पुनः स्मरण करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐतिहासिक कारणों, पूर्ववर्ती पाठ्यक्रमों या अन्य परिस्थितियों की वजह से जो सांस्कृतिक विस्मृति आई है, उसे दूर कर हिंदुत्व के वास्तविक गौरव को पुनर्स्थापित करना ही इन सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य है।
RSS (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से 'पंच परिवर्तन (परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य एवं स्व का बोध)के विचार को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान जोश भरते हुए कहा गया:-
"हिन्दू भूमि का कण-कण हो अब, शक्ति का अवतार उठे, जल थल से अम्बर से फिर हिन्दू की जय-जयकार उठे, जग जननी का जयकार उठे।"
इस महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता में देवेंद्र सिंह पडियार के साथ दीपक नौटियाल,कृपाल सिंह पंवार, यशवंत सिंह बुटोला और नन्दलाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने एकजुट होकर आह्वान किया कि अब समय आ गया है जब हम अपनी जड़ों की ओर लौटें और गौरवशाली सनातनी परंपरा को नई पीढ़ी के हृदय में जीवंत करें।


