तिमली थाती में उमड़ा जनसैलाब, 'विराट हिंदू सम्मेलन' में गूंजा सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प।
अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग)। जनपद के तिमली थाती (बड़मा) में 'सर्व हिंदू समाज' के तत्वावधान में एक विशाल विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को जागृत करना, सनातन संस्कृति के संरक्षण को सुदृढ़ बनाना और युवा पीढ़ी को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध जनों ने शिरकत कर सामाजिक एकता का संदेश दिया।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता भजन सिंह खत्री और मुख्य अतिथि डॉ. सुशील कोटनाला ने सनातन धर्म की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपनी सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सामाजिक एकजुटता अनिवार्य है। वक्ताओं ने नैतिक मूल्यों के उत्थान और सशक्त समाज के निर्माण पर जोर देते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। मंच का कुशल संचालन सच्चिदानंद सेमवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज तिमली की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीतों के साथ हुआ। छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य पेश कर उत्तराखंड की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। विद्यालय के स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस भव्य आयोजन में व्यापार संघ तिमली के सौजन्य से विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जगदंबा सेमवाल, त्रिलोक रावत, हनुमंत नेगी, कुलदीप बुटोला और कार्यक्रम अध्यक्ष गीता देवी चौहान मौजूद रहीं। साथ ही शैलेंद्र गौड़, जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा, ग्राम प्रधान जखनियालगांव मनीष बुटोला, उमादत सेमवाल और विनोद कंडारी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।


