आम के बाग में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।
रानीमाजरा गांव में घटना से मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण।
हरिद्वार। जिले के पथरी थाना क्षेत्र के रानीमाजरा गांव में शुक्रवार सुबह आम के बाग में एक 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रवि पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आम के बाग में युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल की जांच की। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों की आशंका को देखते हुए पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

