प्राथमिक विद्यालय तड़ाग में पटरी से उतरी शिक्षा व्यवस्था, 25 बच्चों की पढ़ाई एक शिक्षिका के भरोसे।
पांच माह से शिक्षिका के अवकाश पर रहने से पठन-पाठन प्रभावित, अलग-अलग विद्यालयों से हो रही शिक्षकों की अस्थायी व्यवस्था।
चोपता। तल्ला नागपुर क्षेत्र के ग्राम तड़ाग स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। विद्यालय में अध्ययनरत 25 बच्चों की पढ़ाई इन दिनों एक शिक्षिका के भरोसे चल रही है। शिक्षिका के लंबे समय से अवकाश पर रहने के बावजूद शिक्षा विभाग स्थायी व्यवस्था करने में नाकाम साबित हो रहा है, जिससे बच्चों का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।
प्राथमिक विद्यालय तड़ाग में कक्षा एक से पांच तक कुल 25 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की यह संख्या बेहतर मानी जा रही है। विद्यालय में दो स्थायी शिक्षिकाएं तैनात हैं, लेकिन एक शिक्षिका पिछले करीब पांच माह से मेडिकल अवकाश पर हैं। ऐसे में दूसरी शिक्षिका पर सभी पांच कक्षाओं के शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी आ गई है।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था तो की है, लेकिन अलग-अलग विद्यालयों से शिक्षकों को बारी-बारी से भेजा जा रहा है। इससे शिक्षकों और बच्चों के बीच समन्वय स्थापित नहीं हो पा रहा है और पढ़ाई की निरंतरता भी प्रभावित हो रही है।
ग्राम प्रधान अखिलेश सिंह नेगी ने कहा कि विभाग की यह कामचलाऊ व्यवस्था बच्चों के भविष्य के लिहाज से उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि शिक्षिका के अवकाश पर रहने तक किसी एक शिक्षक को नियमित रूप से विद्यालय में तैनात किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में नियुक्त शिक्षिकाएं मूल रूप से हरिद्वार की हैं, जिससे पहाड़ी क्षेत्र के बच्चों के साथ भाषाई समन्वय में भी कठिनाई आ रही है। ग्रामीणों ने स्थानीय शिक्षक की तैनाती की मांग करते हुए चेतावनी दी कि शीघ्र उचित व्यवस्था नहीं होने पर विभागीय कार्यालय में धरना दिया जाएगा।

